Mar 03, 2026

देहरादून विशेष गहन पुनरीक्षण अपडेट: 10 विधानसभाओं में 10 लाख से अधिक मतदाता सत्यापित

post-img

देहरादून। राजधानी में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (प्री-एसआईआर) अभियान ने गति पकड़ ली है। जिला प्रशासन के अनुसार अब तक 66.62 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है और 10,39,833 मतदाताओं का मिलान (मैपिंग) सफलतापूर्वक किया गया है। शेष मतदाताओं के सत्यापन के लिए अभियान लगातार जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने समीक्षा बैठक में संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देशित किया कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की प्रति सप्ताह समीक्षा अनिवार्य रूप से की जाए। जिन बूथों पर मैपिंग का प्रतिशत कम है, वहां तहसील स्तर से अतिरिक्त कार्मिकों की ड्यूटी लगाकर कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। विधानसभावार प्रगति की बात करें तो विकासनगर में 70.47 प्रतिशत, सहसपुर में 71 प्रतिशत, रायपुर में 62.64 प्रतिशत, राजपुर में 61.19 प्रतिशत, देहरादून कैंट में 61.36 प्रतिशत, मसूरी में 63.52 प्रतिशत, डोईवाला में 70 प्रतिशत तथा ऋषिकेश में 60.87 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा किया जा चुका है। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों में कार्य 60 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुका है, जबकि कुछ क्षेत्रों में अभी और गति बढ़ाने की आवश्यकता है। प्रशासन के अनुसार पूरे जिले में कुल 15,60,788 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से 10,39,833 मतदाताओं का सत्यापन किया जा चुका है, जबकि 5,20,955 मतदाताओं की मैपिंग अभी शेष है। शेष मतदाताओं में चकराता में 1,11,015, विकासनगर में 1,20,516, सहसपुर में 1,96,831, धर्मपुर में 2,12,309, रायपुर में 1,87,168, राजपुर रोड में 1,16,208, देहरादून कैंट में 1,29,002, मसूरी में 1,30,373, डोईवाला में 1,80,599 तथा ऋषिकेश में 1,76,767 मतदाता शामिल हैं। जिले की सभी 10 विधानसभाओं में कुल 2369 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) सक्रिय हैं। इनमें भाजपा के 912 बीएलए-2, कांग्रेस के 1268 और सीपीआई के 189 बीएलए शामिल हैं। प्रशासन द्वारा समय-समय पर राजनीतिक दलों और बीएलए के साथ बैठकें आयोजित कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की जा रही है। 19 अगस्त, 04 अक्टूबर और 02 दिसंबर को राजनीतिक दलों के साथ बैठकें की गईं, जबकि 27 जून, 02 दिसंबर, 09 फरवरी और 12 फरवरी को बीएलए के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर आयुक्त नमामी बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप नगर आयुक्त संतोष पांडेय, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि और उप जिलाधिकारी ऋषिकेश योगेश मेहर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का कहना है कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। आगामी चुनावों को देखते हुए मतदाता सूची का शुद्धिकरण और सत्यापन लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।