हरिद्वार। उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 7 मार्च को हरिद्वार में ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के लिए बैरागी कैंप मैदान में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को स्वयं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा हाल ही में लागू संशोधित आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शनी के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाई जाएगी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर सरकार और भाजपा संगठन दोनों स्तरों पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी यातायात, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सरकार का कहना है कि यह कार्यक्रम बीते चार वर्षों में राज्य में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को जनता के सामने प्रस्तुत करने का अवसर होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।