भारत सरकार की महत्वाकांक्षी सैन्य भर्ती सुधार योजना अग्निपथ के तहत सेना के तीनों अंगों में भर्ती होने को लेकर युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसमें युवक ही नहीं बल्कि युवतियां जमकर रजिस्ट्रेशन करवा रही है।
वायुसेना में अग्निवीर बनने के लिए मिले बंपर आवेदनों के बाद नौसेना की अग्निवीर भर्ती में भी जबरदस्त आवेदन आए हैं। भारतीय नौसेना ने एक जुलाई को अग्निपथ भर्ती योजना के लिए पंजीकरण शुरू किया था। रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोलने के महज तीन दिनों के भीतर लगभग 10,000 युवतियों ने अग्निवीर बनने के लिए पंजीकरण कराया है।
भारतीय नौसेना ने एक जुलाई को अग्निपथ भर्ती योजना के तहत पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की थी। पंजीकरण के बाद, भारतीय नौसेना भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई से 30 जुलाई तक शुरू करेगी। यह पहली बार है जब भारतीय नौसेना ने महिलाओं को बल में नाविकों के रूप में भर्ती करने की अनुमति दी है, जिन्हें परिचालन आवश्यकताओं के अनुसार युद्धपोतों पर भी तैनात किया जाएगा। हालांकि, नौसेना की ओर से 2022 में की जा रही 3,000 अग्निवीर नौसैनिकों की भर्ती में से 20 फीसदी पदों पर युवतियों का चयन किया जाएगा, इसकी जानकारी नौसेना अधिकारियों ने दी है।