महाराष्ट्र के थाणे के नवी मुंबई में पुलिस ने एक सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार किया है। जिस पर आरोप है कि उसने एक महिला की हत्या कर उसके शव को झाड़ियों में छिपा दिया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि महिला उसकी प्रेमिका थी और वह उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। महिला से छुटकारा पाने के लिए आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और घटना की जांच कर रही है।
पुलिस को जानकारी मिली कि ट्रॉम्बे पुलिस थाना क्षेत्र से एक महिला गायब थी। इसके बाद महिला के हुलिए की पहचान के बाद पुष्टि हो गई कि बरामद किया गया शव ट्रॉम्बे इलाके से गायब महिला का ही था। महिला के पति ने बताया कि वह मुंबई के मानखुर्द इलाके के एक घर में साफ-सफाई का काम करती थी। महिला के फोन की डिटेल्स निकालने पर पुलिस को पता चला कि उसके राजकुमार बाबूराम पाल नाम के एक सिक्योरिटी गार्ड से प्रेम संबंध थे। इसके बाद पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया। राजकुमार बाबूराम पाल ने बताया कि महिला उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर दी।