बीते ढाई सालों से सेना में जवानों की भर्तियां नही हुई है। कोरोना संक्रमण से पूर्व वर्ष 2019-20 के दौरान सेना में 80 हजार से अधिक जवान भर्ती हुए थे। लेकिन उसके बाद से भर्तियां नहीं हुईं। सूत्रों के मुताबिक यदि भर्ती नही हुई तो इस वर्ष के आखिर तक जवानों के रिक्त पदों की संख्या दो लाख तक पहुंच सकती है।
सेना से जुड़े सूत्रों ने बताया कि मार्च में संसद सत्र के दौरान इस मुद्दे पर विपक्ष की ओर से सवाल पूछे जाने के बावजूद अभी तक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने को लेकर कोई दिशा-निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। इसलिए यह कहना मुश्किल है कि कब भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। सेना के सूत्रों ने कहा कि फिलहाल पूर्व की स्थिति बनी हुई है।
रक्षा मंत्रालय की तरफ से मार्च में संसद में बताया गया था कि 2019-20 के दौरान सेना में 80572 भर्तियां हुई थीं। इसके बाद कोरोना महामारी के चलते भर्तियां बंद कर दी गईं। तब से अब तक जवानों की कोई भर्ती नहीं हुई है।
आपको बता दें कि सेना में जवानों की स्वीकृत संख्या 1212000 है। इनमें से करीब सात फीसदी स्थान रिक्त हैं।