राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को वेस्टमिंस्टर हाल लंदन का दौरा किया। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का पार्थिव शरीर यहीं रखा गया है। राष्ट्रपति ने अपनी और भारत के लोगों की तरफ से महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लंदन पहुंची हैं। वह इस अंतिम संस्कार में भारत सरकार की ओर से शिरकत कर रही हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) ने यहां महारानी एलिजाबेथ की स्मृति में रखी शोक संदेश पुस्तका पर हस्ताक्षर भी किए। वह ब्रिटेन के तीन दिवसीय दौरे के तहत शनिवार शाम को लंदन पहुंची थीं। वह सोमवार को महारानी एलिजाबेथ द्वितीय (Queen Elizabeth II) के अंतिम संस्कार में शामिल होंगी। महाराजा चार्ल्स की ओर से बकिंघम पैलेस (Buckingham Palace) में रविवार शाम को विश्व नेताओं के लिए एक भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) भी इस भोज कार्यक्रम में शामिल होंगी।
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को श्रद्धांजलि देने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भी लंदन पहुंचे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भी आधिकारिक शोक संदेश पुस्तिका पर हस्ताक्षर करने बकिंघम पैलेज में आयोजिज भोज कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। बाइडन भी महारानी की राजकीय विधि विधान से होने वाले अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। जो बाइडन के साथ अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडन भी मौजूद हैं।