राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपनी दो दिनी असम यात्रा के अंतिम दिन आज शक्तिपीठ कामाख्या मंदिर में पूजा की। उन्होंने अपनी बेटी इतिश्री मुर्मू के साथ देवी मंदिर की परिक्रमा भी की। गुरुवार को उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, गुवाहाटी (IIT Guwahati) में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था।
राष्ट्रपति मुर्मू के आज कामाख्या मंदिर दौरे के वक्त असम के राज्यपाल जगदीश मुखी, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भी मौजूद थे। इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने इस साल की शुरुआत में हुए राष्ट्रपति चुनाव के प्रचार के दौरान कामाख्या देवी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया था। कामाख्या मंदिर के पुजारी ने बताया कि राष्ट्रपति और उनकी बेटी ने आज मंदिर के गर्भगृह में पूजा की और परिक्रमा की।
इस बीच राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा द्वारा उन्हें राज्य की बेटी कहना गर्व की बात है। उन्हें घर जैसा महसूस हुआ। मुर्मू ने विभिन्न विकास परियोजनाओं, विशेष रूप से चाय श्रमिकों के लिए और महिला सशक्तिकरण के लिए असम सरकार की सराहना की।
उन्होंने यहां एक कार्यक्रम में वर्चुअल मोड पर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखने के बाद कहा कि केंद्र बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और अन्य सभी क्षेत्रों को बढ़ावा देकर अपना योगदान दे रहा है।
राष्ट्रपति ने कहा कि मैं मुझे राज्य की बेटी कहने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद देना चाहती हूं। इस बात ने मेरे दिल को छू लिया है। मुझे यहां जो स्वागत मिला है, उसने मुझे घर जैसा महसूस कराया है और मैं जल्द ही लौटूंगी।