राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने अपना नामांकन दाखिल शुक्रवार को कर लिया है। मुर्मू ने संसद भवन में राज्यसभा के सेक्रेटरी जनरल के दफ्तर में नामांकन पत्र भरा। प्रस्तावों में खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल थे। नामांकन के दौरान जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, जगन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस के साथ ही बीजेपी के वरिष्ठ नेता और बीजेपी शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद थे।
मुर्मू की जीत लगभग तय
राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत लगभग तय मानी जा रही है।जीत के आंकड़े से महज कुछ कदम दूर खड़ी एनडीए अब नवीन पटनायक और जगन मोहन रेड्डी के समर्थन के बाद बहुमत के आंकड़े से काफी आगे निकलती दिख रही है।वहीं विपक्ष जादुई आंकड़े से काफी पीछे नजर आ रहा है। जिसका सीधा मतलब है कि द्रौपदी मुर्मू ही भारत की अगली राष्ट्रपति हो सकती हैं।