एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी और झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू आज अपना नामांकन दाखिल करेंगी। मिली जानकारी के अनुसार, वह 12 बजे संसद भवन में अपना नामांकन करेंगी। इस दौरान उनके साथ पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। वहीं विपक्ष की ओर से उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को नामांकन कर सकते हैं।
द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के लिए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर नॉमिनेशन पेपर पर हस्ताक्षर किए गए। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान नामांकन पत्र में पहले प्रस्तावक बने। उन्होंने ट्वीट कर कहा, मेरा परम सौभाग्य है कि भारत की जनजातीय समाज की पहली और देश की द्वितीय महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन पत्र में प्रथम समर्थक के रूप में हस्ताक्षर करने का अवसर प्राप्त हुआ।