मां को ऐसे ही भगवान का दर्जा दिया गया है क्योंकि कई बार ऐसे हैरान कर देने वाले कारनामें सामने आते हैं जो सिर्फ एक मां ही कर सकती है। ऐसा ही एक मामला तमिलनाडु से सामने आया है जहां एक महिला अपनी बेटी को पालने के लिए 36 साल तक महिला से पुरुष बनी रही। इस महिला ने यह सब तब किया जब महिला के पति की मौत हो गई ।यह घटना तमिलनाडु के थोत्थुकुडी की है। न्यू इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह महिला कट्टुनायकनपट्टी गांव की रहने वाली है। महिला का नाम पेटीअम्मल है। महिला के पति शिवा की शादी के 15 दिन बाद ही मौत हो गई। तब पेटीअम्मल 20 साल की थी और उसने एक बेटी को जन्म दिया। अपनी बेटी के पालन-पोषण का भार उस पर ही था। इसके बाद महिला ने ऐसा निर्णय लिया जिसका किसी को अंदाजा नहीं रहा होगा।
हाल ही में महिला ने खुद बताया कि गांव में उसके लिए काम करना आसान नहीं था। वहां पर लोग उन्हें परेशान किया करते थे। अपनी बच्ची को पालने के लिए उन्होंने कंस्ट्रक्शन साइट्स, होटल, चाय की दुकानों समेत कई जगहों पर काम करके देखा लेकिन सभी जगह उत्पीड़न और ताने ही मिले। इसके बाद महिला ने मंदिर जाकर अपने केश दान किए और साड़ी की जगह शर्ट और लुंगी पहनना शुरू किया। इतना ही नहीं महिला ने अपना नाम बदलकर मुथु कर लिया।
महिला ने बताया कि अपना नाम बदलने के पहले सिर्फ महिला के करीबी रिश्तेदारों और बेटी को पता था कि वह एक औरत है। इस तरह 36 साल बीत गए। महिला का कहना है कि उसने अपनी बेटी के पालन-पोषण और अपनी सुरक्षा के लिए ऐसा किया। फिलहाल महिला की यह कहानी अब वायरल हो गई है। महिला की कहानी के बारे में जानकर सब हैरान रह गए