देश में कोरोना एक बार फिर डराने लगा है। लगातार तीसरे दिन एक दिन में 8 हजार से ज्यादा केस दर्ज किए गए। देश में ऐक्टिव केस 48 हजार के करीब हो गए हैं। वहीं महाराष्ट्र एक बार फिर से कोरोना का गढ़ बनता जा रहा है। यहां 10 दिनों के भीतर ही कोरोना के मामलों में 241 फीसदी का इजाफा देखा गया। दिल्ली और केरल भी चिंता बढ़ा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना के 8048 नए मामले रिपोर्ट हुए थे। वहीं 10 मरीजों की मौत हो गई। देश में कुल मामले जितने आए हैं उसके 70 फीसदी केस केवल महाराष्ट्र. केरल और दिल्ली में पाए गए हैं। एक हफ्ते के भीतर महाराष्ट्र में 10 हजार से ज्यादा केस बढ़ गए हैं। राज्य में जितने नए केस आए हैं उसके 61 फीसदी मुंबई में हैं। महाराष्ट्र में संक्रमण दर 7 के करीब पहुंच गई है।