शुक्रवार सुबह का दिन दिल बैठा देने वाला था। खबर आई जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को गोली मार दी गई है। इसने पूरी दुनिया में हड़कंप मचा दिया। इस जानलेवा हमले में शिंजो के सीने पर गोली लगी। इसके कुछ घंटों बाद उनके निधन का समाचार आ गया। समय से पहले शिंजो का निधन सिर्फ जापान के लोगों के लिए झटका नहीं है। इसने हर भारतीय को भी उदास कर दिया है। उनकी सलामती के लिए पूरा भारत प्रार्थना कर रहा था। लेकिन, दुआएं नाकाफी साबित हुईं। आबे से इस प्यार की बड़ी वजह थी। भारत के साथ आबे का खास रिश्ता रहा है। वह जाापान और भारत को जोड़कर देखते थे। योग, सिनेमा, खानपान के साथ भारतीय संस्कृति की वह खुलकर सराहना करते थे। उन्होंने कई बार बताया कि जापान में भारतीय संस्कृति और खानपान किस कदर लोकप्रिय है। शिंजो के कार्यकाल में भाारत के साथ जापान के रिश्तों ने बुलंदियां छुईं। वह भारत के साथ नजदीकी रिश्तों के हिमायती थे। इसी को देखते हुए 2021 में भारत ने उन्हें दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण (Padma Vibhushan) से नवाजा था।
शिंजो आबे भारत और जापान के रिश्तों को नया आकार देने वाले नेता थे। उन्होंने एक बार नहीं, बल्कि चार बार भारत का दौरा किया। शुक्रवार सुबह को जापान के नारा शहर में पूर्व प्रधानमंत्री को गोली मार दी गई। यह गोली भले उनके सीने में लगी लेकिन इसने हर भारतीय का दिल छलनी कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिंजो आबे पर हुए हमले से आहत होने की बात कही। साथ ही उनके लिए प्रार्थना भी की। पीएम के साथ तमाम भारतीय भी आबे की सलामती की दुआ कर रहे। हालांकि, कुछ घंटों के बाद ही उनके निधन की खबर आ गई।