Mar 10, 2026

उत्तराखंड के 13 जिलों के 52 छात्र होंगे आमने-सामने: देहरादून में मैथ्स विजर्ड और स्पैल जीनियस प्रतियोगिता का कड़ा मुकाबला

post-img

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 13 मार्च को राज्य स्तरीय मैथ्स विजर्ड एवं स्पैल जीनियस प्रतियोगिता आयोजित होने जा रही है। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के हर जिले से 4 बच्चे शामिल होंगे। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर समग्र शिक्षा के अपर राज्य परियोजना निदेशक डॉ मुकुल कुमार सती ने दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। दिशा निर्देश के अनुसार, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 13 मार्च, 2026 को एससीईआरटी देहरादून में किया जाएगा। 

इस प्रतियोगिता में तमाम जिलों से प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं की आवासीय व्यवस्था एससीईआरटी देहरादून के हॉस्टल में की गयी है। ऐसे में इस प्रतियोगिता में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो इसके लिए जरूरी दिशा-निर्देशों भी जारी किए गए हैं। जिला स्तर से प्रथम एवं द्वितीय विजेता छात्र ही राज्य स्तरीय गणित का जादूगर और मंत्रों का धुरंधर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। यानी हर जिले 4 छात्र प्रतियोगिता में करेंगे। जिलों से राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने वाले बच्चों और टीम प्रभारी शिक्षकों से सम्बन्धित यात्रा का खर्च जिलों की ओर से इसी मद के तहत वहन की जाएगी। राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों को अपने अभिभावकों के साथ आने की अनुमति नहीं होगी, अगर अभिभावकों की ओर से स्वैच्छिक रूप से प्रतिभाग किया जाता है तो उस स्थिति में विभागीय स्तर से उनके यात्रा और आवास पर व्यय की व्यवस्था नहीं की जायेगी, यानी उन्हें खुद के खर्च पर आना और रहना होगा। प्रतिभाग करने वाले सभी छात्रों के अभिभावकों से अनापत्ति प्रमाण पत्र आवश्यक रूप से पहले ही प्राप्त कर लें। 

प्रतिभागियों के साथ एक ही टीम प्रभारी होगा,अगर प्रतिभागी छात्रा होगी तो उस स्थिति में अनिवार्य रूप से टीम प्रभारी महिला शिक्षिका होंगी। प्रतिभागी बच्चों को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो इसके लिए टीम प्रभारी का चयन इसी अनुसार किया जाएगा। प्रतिभागी छात्र या छात्रा अस्वस्थ या यात्रा करने में असमर्थ हो तो संबधित को प्रतिभागिता से छूट प्रदान कर दी जाये। मौसम को ध्यान में रखते हुए बच्चों को गर्म कपड़े रखने के लिए समय से जानकारी दी जाये। यात्रा के दौरान बच्चों के भोजन की व्यवस्था भी जिला स्तर से आवश्यक रूप से की जाएगी। राज्य स्तर पर प्रतियोगिता के संचालन के लिए जिला स्तर से राज्य स्तर पर प्रतिभाग कराने वाले टीम प्रभारी शिक्षकों की सूची जिलों की ओर से 11 मार्च की शाम तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। छात्रों की ओर से एस्कॉर्ट शिक्षक समेत 12 मार्च की शाम तक एससीईआरटी हॉस्टल पहुंचना होगा। 13 मार्च को प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद 14 मार्च की सुबह अपने मूल विद्यालय के लिए प्रस्थान करना होगा। छात्रों के साथ आ रहे एस्कॉर्ट शिक्षक अनिवार्य रूप से छात्रों के साथ एससीईआरटी हॉस्टल में ही रुकेंगे। छात्र-छात्राओं की सभी जिम्मेदारी वापस गन्तव्य स्थल पहुंचाने तक एस्कॉर्ट शिक्षक की होगी।