Apr 20, 2026

राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम था बिल, सीएम धामी ने विरोधियों को बताया विकास विरोधी

post-img

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज राजधानी में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। सीएम धामी ने संसद में महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) की प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को लेकर गहरा रोष प्रकट किया। उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा कि विपक्ष का यह रवैया देश की आधी आबादी के अधिकारों और उनके सम्मान पर सीधा प्रहार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023' के माध्यम से महिलाओं के लिए 33% आरक्षण सुनिश्चित करने का ऐतिहासिक संकल्प लिया गया था। इसके लिए संसद का विशेष सत्र तक बुलाया गया, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने जिस तरह से इस मुद्दे को लटकाया और रोका है, वह बेहद निंदनीय है। सीएम ने कहा, "यह अवसर हमारी बहनों और बेटियों को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम हो सकता था, लेकिन विपक्ष ने अपनी संकीर्ण राजनीति के चलते पूरी मातृशक्ति को हराने का काम किया है। सीएम धामी ने विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो दल दशकों तक सत्ता में रहे, उन्होंने कभी महिलाओं को उनका वाजिब हक देने की ईमानदारी से कोशिश नहीं की। आज जब एक निर्णायक कदम उठाया जा रहा था, तो विरोध करके उन्होंने साबित कर दिया कि वे महिला सशक्तिकरण के विरोधी हैं। मुख्यमंत्री ने अंत में विश्वास जताया कि जनता विपक्ष की इस 'नारी शक्ति विरोधी' सोच को पहचान चुकी है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार महिलाओं के सामाजिक और राजनीतिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और कोई भी बाधा इस संकल्प को रोक नहीं पाएगी।