Aug 12, 2026

उत्तराखंड के युवाओं के लिए खुशखबरी: जल्द शुरू होगी 'मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना', मुफ्त मिलेगी ऑनलाइन कोचिंग

post-img

देहरादून। उत्तराखंड सरकार प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं में उनकी सफलता सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य सरकार जल्द ही 'मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना' की शुरुआत करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस महत्वाकांक्षी योजना का भव्य शुभारंभ करेंगे।

प्रतियोगी परीक्षाओं की महंगी कोचिंग का खर्च उठाने में असमर्थ उत्तराखंड के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश सरकार जल्द ही ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ शुरू करने जा रही है। योजना के तहत राज्य के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी योजना का शुभारंभ करेंगे। सरकार की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक स्थिति या भौगोलिक दूरी उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बाधा न बने। खासतौर पर प्रदेश के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए यह योजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के तहत विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस), सीडीएस, बैंकिंग, रेलवे और एसएससी जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके अलावा प्रवेश एवं पात्रता परीक्षाओं को भी योजना में शामिल किया गया है। विद्यार्थियों को कैट, मैट, गेट, नेट और सीएसआईआर-नेट जैसी परीक्षाओं के लिए भी ऑनलाइन मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इससे अलग-अलग क्षेत्रों में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से विशेषज्ञ सहायता मिल सकेगी। प्रदेश में बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थी हैं, जो प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होकर सरकारी सेवा या बेहतर करियर हासिल करना चाहते हैं, लेकिन निजी संस्थानों की महंगी कोचिंग फीस उनके लिए बड़ी चुनौती बन जाती है। ऐसे युवाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था करने जा रही है। योजना का लाभ राज्य के विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा हासिल कर रहे विद्यार्थियों को मिलेगा। ऑनलाइन माध्यम से कोचिंग उपलब्ध होने के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत भी कम होगी। मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना को लेकर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान हुई कैबिनेट बैठक में चर्चा की गई थी। अब सरकार योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री के स्तर से इसके शुभारंभ की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। सरकार का मानना है कि योजना के माध्यम से युवाओं को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और बेहतर अध्ययन संसाधन उपलब्ध होंगे। पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थी भी घर बैठे विशेषज्ञ शिक्षकों से जुड़ सकेंगे। योजना लागू होने के बाद उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महंगी निजी कोचिंग पर निर्भरता कम करने का विकल्प मिलेगा। सरकार की यह पहल युवाओं को रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ करियर निर्माण के लिए मजबूत मंच उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है।