Apr 17, 2026

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का भव्य आगाज, मुख्यमंत्री धामी कल ऋषिकेश से बढ़ाएंगे यात्रियों का मनोबल

post-img

विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का आधिकारिक आगाज हो गया है। तीर्थयात्रियों के मुख्य पड़ाव ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में शुक्रवार सुबह 6 बजे से पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। आज यानी शनिवार, 18 अप्रैल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऋषिकेश पहुंचकर यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही देवभूमि के चारों धामों के लिए 'भक्ति का कारवां' आगे बढ़ेगा।

पंजीकरण के पहले दिन सुबह से ही काउंटरों पर लंबी कतारें देखी गईं। यात्रा पंजीकरण प्रभारी प्रेमानंद ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 30 काउंटर खोले गए हैं, जिनमें 24 ट्रांजिट कैंप और 6 आईएसबीटी में स्थित हैं। दोपहर 12 बजे तक करीब 150 यात्रियों ने अपना पंजीकरण करा लिया था। विशेष बात यह रही कि सबसे पहले नेपाल से आए 30 यात्रियों के दल ने अपना पंजीकरण कराया। नेपाल से आए खेमराज सुवेदी और राधा कृष्ण घिमिरे ने प्रशासन की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य परीक्षण सुविधाओं की जमकर सराहना की। भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 11 बजे ऋषिकेश पहुंचेंगे और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद यात्रियों को विदा करेंगे। एसडीएम योगेश मेहरा ने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्ग पर अवैध स्टैंड और अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम को साफ-सफाई दुरुस्त रखने और व्यापारियों को नालियों के ऊपर से अतिक्रमण खुद हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा प्रशासन के विशेष कार्याधिकारी पीपी नौटियाल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ समन्वय बना लिया गया है। ट्रांसपोर्टरों के साथ हुई बैठक में एसपी देहात जया बलूनी और एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत ने सुरक्षा और नियमों पर चर्चा की। ट्रांसपोर्टरों ने डग्गामार वाहनों पर रोक लगाने की मांग की, जिस पर एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि ग्रीन कार्ड केवल उन्हीं वाहनों का बनेगा जिनके पास उसी दिन की टोल पर्ची होगी। दूसरे राज्यों के वाहनों के लिए 15 दिन की अवधि का ग्रीन कार्ड अनिवार्य किया गया है। नए नियमों के अनुसार, राज्य के वाहन यात्रियों को राज्य के भीतर से ही उठाएंगे और वहीं छोड़ेंगे। यात्रा के निर्बाध और सुरक्षित संचालन के लिए परिवहन विभाग ने भद्रकाली मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। एआरटीओ रावत सिंह कटारिया और रश्मि पंत ने पूजा कर बाबा केदार और बदरी विशाल से सभी की सफल यात्रा की कामना की।