Jun 14, 2026

स्थापना दिवस मेले से पूर्व कैंची धाम में धार्मिक अनुष्ठान तेज, रात भर जुटे रहे सेवादार

post-img

भवाली। देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की अगाध आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा नींब करौरी के पावन धाम 'कैंची आश्रम' में वार्षिक स्थापना दिवस मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 15 जून (सोमवार) को आयोजित होने वाले इस भव्य मेले से पूर्व रविवार को आश्रम परिसर में अखंड रामायण पाठ का समापन हुआ, जिसके बाद विशेष मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भव्य हवन, पूर्णाहुति एवं महाआरती संपन्न हुई। इस दौरान बाबा के चरणों में देश, दुनिया और प्रदेश की सुख, शांति, समृद्धि और जन-कल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की गई।जैसे ही रविवार शाम को हनुमान चालीसा के पाठ का श्रीगणेश हुआ, पूरा कैंची क्षेत्र बाबा के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा और समूचा माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। 

मंदिर प्रबंधन के सदस्यों के अनुसार, सोमवार सुबह पांच बजे विधिवत पूजा-अर्चना और हनुमान चालीसा के पाठ के साथ ही बाबा के विश्वप्रसिद्ध महाप्रसाद का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए महाप्रसाद बनाने के साथ-साथ उसकी सुरक्षित पैकिंग का कार्य भी युद्धस्तर पर पूरा कर लिया गया है। इस वर्ष भी स्थापना दिवस पर पिछले वर्षों की भांति देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, जिसके मद्देनजर प्रबंधन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। लाखों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। मेला परिसर और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस कंट्रोल रूम से चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जा रही है। मंदिर के मुख्य गेट पर सुरक्षा घेरा बेहद मजबूत किया गया है। यहां मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं, जहां से एक-एक श्रद्धालु की सघन तलाशी के बाद ही उन्हें परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ छड़ा इकाई के जवान मुख्य द्वारों और संवेदनशील स्थानों पर मुस्तैदी से डटे हुए हैं। डॉ. दीपक सती एवं फार्मासिस्ट गीता पांडे अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे (कैंची क्षेत्र) डिहाइड्रेशन, उल्टी और चक्कर से पस्त श्रद्धालुओं का त्वरित उपचार। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी की इस विशेषज्ञ मेडिकल टीम ने रविवार को ही 100 से अधिक बीमार श्रद्धालुओं का परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाइयां बांटीं। डॉक्टरों ने भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं को ओआरएस और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर ही हजारों की संख्या में बाबा के भक्त कैंची धाम पहुंच चुके हैं। आश्रम के समीप बने ध्यान केंद्र सहित विभिन्न स्थानों पर भक्त टोलियां बनाकर हनुमान चालीसा के पाठ में मग्न हैं, तो कई दूर-दराज से आए भक्त आश्रम परिसर की व्यवस्थाओं में सेवादार के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। बातचीत में भावुक होते हुए भक्तों ने कहा कि वे खुद को बेहद सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें बाबा के दर पर इस पावन स्थापना दिवस का साक्षी बनने का पुण्य अवसर प्राप्त हुआ है।