Sep 11, 2026

रुद्रपुर क्राइम: होटल कमरा लेने में बहन की आईडी इस्तेमाल करने का आरोप, जांच जारी

post-img

रुद्रपुर। आवास विकास क्षेत्र स्थित एक होटल में युवक के युवती के साथ पहुंचने को लेकर गुरुवार देर रात हंगामा हो गया। आरोप है कि गदरपुर निवासी युवक ने होटल में कमरा लेने के लिए अपनी बहन की आईडी का इस्तेमाल किया और रुद्रपुर निवासी युवती को होटल ले गया। मामले की जानकारी मिलने पर हिंदूवादी संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता होटल पहुंचे और कमरे में युवक-युवती को देखकर हंगामा कर दिया। इस दौरान युवक के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। बाद में दोनों को आवास विकास चौकी ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। जानकारी के अनुसार गदरपुर के गदरपुरा निवासी मोहम्मद साकिब का रुद्रपुर निवासी युवती से करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। गुरुवार शाम साकिब युवती को आवास विकास स्थित होटल लेकर पहुंचा था। होटल में कमरा लेने के दौरान उसने कथित तौर पर अपनी बहन की आईडी का इस्तेमाल किया। इसी बीच इसकी जानकारी हिंदूवादी संगठनों से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं को हो गई। जानकारी मिलने के बाद कार्यकर्ता देर रात होटल पहुंचे। बताया गया कि संबंधित कमरे में युवक और युवती मौजूद थे। दोनों को कमरे में देखकर कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। बताया जाता है कि इस दौरान युवक के साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद कार्यकर्ता युवक और युवती को लेकर आवास विकास चौकी पहुंचे और दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह और युवती करीब एक वर्ष से एक-दूसरे को जानते हैं और दोनों के बीच प्रेम संबंध हैं। इसके बाद पुलिस ने युवती के स्वजन को मामले की जानकारी दी। युवती के स्वजन चौकी पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। स्वजन की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद साकिब के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, होटल में दर्ज विवरण, इस्तेमाल की गई आईडी और युवक-युवती के बयानों समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।