देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तराखंड में एक माह तक व्यापक स्तर पर सामाजिक और जन-कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में लिए गए निर्णय के तहत प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प माह’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण से जोड़ते हुए उत्तराखंड भाजपा ने पूरे प्रदेश में एक महीने तक व्यापक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णय के तहत प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक ‘सेवा संकल्प कार्यक्रम’ चलाया जाएगा। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की जाएगी। भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन की खुशी को पूरे माह अलग-अलग सामाजिक, शैक्षिक और जनसेवा कार्यक्रमों के माध्यम से मनाने की तैयारी की है। अभियान के तहत प्रदेशभर में संगठनात्मक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें आम जनता तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ ही पात्र लोगों को इनका लाभ दिलाने पर भी जोर रहेगा। सेवा संकल्प माह के दौरान प्राथमिक विद्यालयों से लेकर कक्षा 12 तक के स्कूलों में कला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं का मुख्य विषय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियां और उनके नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्य होंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री के विजन और विचारों पर आधारित भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। भाजपा का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को देश के विकास, सेवा और जनकल्याण से जुड़े विषयों से जोड़ना है। वहीं, प्रदेश के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर सम्मान समारोह आयोजित कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। पार्टी ने इसे महिला एवं बाल विकास से जुड़े जमीनी स्तर के कर्मियों के योगदान को सम्मान देने की पहल बताया है। भाजपा सात अक्तूबर को विशेष रूप से बड़े कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। इस दिन प्रधानमंत्री मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 वर्ष के सार्वजनिक कार्यकाल को अलग अंदाज में मनाने की तैयारी है। प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में ‘सेवा ज्योत कार्यक्रम’ आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत बाइक रैलियां निकाली जाएंगी और एक मशाल विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण करेगी। इसी अवसर पर ‘25 मिनट में 25 कार्यक्रम’ की विशेष पहल भी की जाएगी। इसमें स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, पेयजल स्रोतों की सफाई और संरक्षण, मंदिरों का रंग-रोगन, प्राकृतिक धारों का सौंदर्यीकरण तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने जैसे जनहित और सेवा कार्य शामिल रहेंगे। अभियान के दौरान प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर ‘सेवा सेतु अभियान’ भी चलाया जाएगा। यह अभियान सरकार की ओर से संचालित किया जाएगा, जबकि भाजपा संगठन इसमें सहयोग करेगा। ‘जन-जन की सरकार’ अभियान की तर्ज पर सेवा सेतु के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर और गांव-गांव तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान बनाने पर भी फोकस रहेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि 17 सितंबर से पूरे एक माह तक प्रदेश में सेवा संकल्प माह मनाया जाएगा। इसके तहत संगठन स्तर पर विविध कार्यक्रम होंगे, प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना की जाएगी और उनके सेवा कार्यों तथा सार्वजनिक जीवन के योगदान को व्यापक स्तर पर याद किया जाएगा।