नई दिल्ली। केन्द्रीय कर्मचारियों को सरकार ने बड़ा तोहफा देते हुए महंगाई भत्ते को 3 प्रतिशत बढ़ाने पर मंजूर दे दी है। सरकार के इस ऐलान के बाद केन्द्रीय कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। इस दौरान कई जगहों पर कर्मचारियों ने मिष्ठान वितरण कर खुशी का इजहार भी किया। वहीं सरकार ने जनवरी और फरवरी 2022 का एरियर भी दिए जाने का ऐलान किया है। बताया जा रहा है कि नया महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2022 से लागू होगा। बता दें कि केंद्रीय कर्मचारियों को फिलहाल 31% DA मिलता है। इसे 3% बढ़ाकर 34% किया गया है। इस फैसले से 50 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनभोगियों को फायदा होगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में केंद्र सरकार के कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (डीए) की अतिरिक्त किस्त और पेंशनभोगियों को महंगाई राहत (डीआर) की एक अतिरिक्त किस्त जारी करने को मंजूरी दी गई। सरकार की ओर से कहा गया कि महंगाई भत्ते को मूल वेतन के और महंगाई राहत को मूल पेंशन के 31% की मौजूदा दर से 3% बढ़ाकर 34 फीसदी कर दिया है। यह एक जनवरी 2022 से लागू होगा। यह मूल्य वृद्धि की भरपाई के लिए किया गया है। अब सरकारी कर्मचारियों को जनवरी, फरवरी और मार्च का एरियर भी मिलेगा।
विकास पाठक
संपादक