पांच राज्यों के नतीजे आने के बाद अब भाजपा हाईकमान की नजर हिमाचल और कर्नाटक पर! रणनीति बनाने में जुटे दिग्गज, लगातार हो रही समीक्षा

Spread the love

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव सम्पन्न होने के बाद अब भाजपा की नजर हिमाचल और कर्नाटक पर है। इसके लिए भाजपा हाईकमान तैयारियों में जुट गया है और लगातार इन दोनों प्रदेशों की समीक्षा की जा रही है। ग्राउण्ड जीरों पर भी भाजपा के पदाधिकारी जुट चुके हैं और जनता का मन टटोला जा रहा है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में इस साल के आखिर में चुनाव होना है, जबकि कर्नाटक में अगले साल चुनाव होगा। हिमाचल प्रदेश में बीते एक लोक सभा और तीन विधानसभा के उपचुनाव में बीजेपी को हार का मुंह देखना पड़ा था। यहां कांग्रेस की तरफ से उसे कड़ी चुनौती मिलती दिखाई दे रही है। क्योंकि यह पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का राज्य है, ऐसे में सारे फैसले नड्डा ही लेंगे। जेपी नड्डा ने प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री के साथ दिल्ली में बैठक भी की है। इसमें उपचुनाव में पार्टी को मिली हार से लेकर अब तक बनी स्थितियों की व्यापक समीक्षा की गई। हिमाचल के साथ-साथ बीजेपी कर्नाटक पर भी ध्यान दे रही है। दरअसल कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के बाद भी सत्ता और संगठन में तालमेल नहीं बन पा रहा है। इसीलिए अमित शाह ने खुद कर्नाटक जाकर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक कर स्थिति की समीक्षा की है।


Spread the love