बड़ी खबरः भूकंप के झटकों से फिर डोली अफगानिस्तान की धरती! रिक्टर स्केल पर 6.3 रही तीव्रता, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

Spread the love

दिल्ली। अफगानिस्तान में आज रविवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके आते ही लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में लोग घरों से बाहर निकल आए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने यह जानकारी दी। यूएसजीएस ने बताया कि इस भूकंप की तीव्रता 6.3 मापी गई। इससे करीब एक हफ्ते पहले अफगानिस्तान में तेज भूकंप के कारण हजारों लोगों की मौत हो गई थी और भारी तबाही हुई थी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि हाल में आए भूकंप का केंद्र प्रांतीय राजधानी हेरात से लगभग 34 किलोमीटर दूर और सतह से आठ किलोमीटर (पांच मील) गहराई में था। इस भूकंप में जान-माल के संभावित नुकसान को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। हेरात में सात अक्टूबर को आए भूकंप के कारण पूरे के पूरे गांव तबाह हो गए थे। यह देश के हालिया इतिहास में आए सबसे विनाशकारी भूकंप में से एक था। संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने बताया था कि इस भूकंप में मारे गए लोगों में 90 फीसदी से अधिक महिलाएं और बच्चे थे। तालिबान अधिकारियों ने कहा था कि इस भूकंप के कारण हेरात प्रांत में दो हजार से अधिक लोगों की जान चली गई।


Spread the love