उत्तराखण्डः घटते जलस्तर ने बढ़ाई चिंता! ऊधम सिंह नगर डीएम ने दिए सख्त आदेश, बेमौसमी धान लगाने पर होगा एक्शन

Spread the love

रुद्रपुर। बढ़ती गर्मी के बीच लगातार गिर रहे जल स्तर पर अब उधम सिंह नगर जिले के डीएम सख्त दिखाई दे रहे हैं। जनपद में बेमौसमी धान की खेती के कारण गिर रहे जल स्तर को चिंताजनक बताते हुए बेमौसमी धान की खेती करने पर रोक लगा दी है। डीएम ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनपद के अधिकांश कृषकों द्वारा खेती से अतिरिक्त आय प्राप्त करने के लिए ग्रीष्मकालीन धान की खेती को अपनाया जा रहा है, जो पर्यावरण के दृष्टिकोण से अत्यन्त हानिकारक है। साथ ही ग्रीष्मकालीन धान की खेती करने से भूमिगत जल का ह्यस भी तेजी से हो रहा है। उन्होंने बताया कि भूमिगत जल का ह्यस होने से गर्मियों के महीनों में पेयजल की समस्या का भी सामना करना पड़ सकता है। जिलाधिकारी उदय राज सिंह ने जल संकट को ध्यान देते हुए जनपद के सभी एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि अपनी-.अपनी तहसील क्षेत्र में गर्मियों में धान की खेती को रोकने के लिए कृषकों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। कृषकों को ग्रीष्मकालीन धान की खेती न करने एवं विकल्प के रूप में मक्का, मूंग, उड़द व गन्ने की फसलों की खेती करने के लिये प्रेरित किया जाए। ताकि आगामी वर्ष में ग्रीष्मकालीन धान की खेती को पूर्णतया प्रतिबन्धित करने की कार्यवाही की जा सकें।


Spread the love