बड़ी खबरः भारत में रहकर पाकिस्तान के लिए कर रहा था जासूसी! पुलिस ने किया गिरफ्तार

Spread the love

नई दिल्ली। कोलकाता से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पुलिस ने पाकिस्तान के लिए कथित रूप से जासूसी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके पास से संवेदनशील दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। आरोपी बिहार का रहने वाला है। कोलकाता पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हावड़ा जिले में उसके घर से शुक्रवार को पकड़ा। अधिकारी ने कहा कि उसे देश की सुरक्षा के लिए घातक गतिविधियों में सीधे तौर पर शामिल पाया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को कई घंटों की पूछताछ के बाद शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने कहा कि उसके मोबाइल फोन से तस्वीरों, वीडियो और ऑनलाइन चैट के रूप में खुफिया जानकारी मिली। यह जानकारी उसने पाकिस्तान के एक संदिग्ध खुफिया एजेंट को भेजी थी। कोलकाता में एक कूरियर सेवा कंपनी में काम करने वाला आरोपी पहले दिल्ली में रहता था। उन्होंने बताया कि आरोपी को आज शहर की एक अदालत में पेश किया जाएगा।


Spread the love