रुड़की। लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने के बाद उत्तराखंड में स्टार प्रचारकों का आना लगातार जारी है। सभी दल के वरिष्ट नेता चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। शनिवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा रुड़की में आयोजित जनसभा को संबोधित करने पहुंची। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सहित कई कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने सभा में भाग लिया। प्रियंका गांधी ने हर-हर गंगे बोलकर अपने भाषण की शुरुआत की और कहा कि उत्तराखंड पवित्र देवभूमि है। जनसभा में प्रियंका गांधी भाजपा सरकार पर जमकर बरसीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी के आंकड़े तेजी के साथ बढ़े हैं। किसान बेहाल सड़कों पर उतरने पर मजबूर है, नोटबंदी से कारोबारी पूरी तरह बर्बाद हो गया, भाजपा सरकार में गरीब और गरीब होता जा रहा है। भाजपा सरकार केवल जुमलों की सरकार है। कांग्रेस जनता से वादा करती है कि देश में बढ़ रही बेरोजगारी को खत्म करने के लिए पहले रिक्त पड़े 30 लाख पदों को भरने का काम करेगी। जनता पिछले दस सालों से जो गरीबी का कष्ट झेल रही है उसे दूर करने का काम कांग्रेस करेगी। कांग्रेस अपने वादों को पूरा करती है राज्य सरकार ने चुनाव में अपने वादों को पूरा किया है।
Vikas Pathak
Editor