नई दिल्ली। बिहार के भागलपुर में देर रात हुए विस्फोट से अबतक 14 लोगों की मौत हो गयी, जबकि कई लोग अब भी जिन्दगी और मौत से जूझ रहे हैं। बताया जा रहा है कि विस्फोट बम बनाते वक्त हुआ और इस इलाके में पटाखे बनाने का काम किया जाता है।
जानकारी के अनुसार रात साढ़े 11 बजे शहर के काजवली चक इलाके में जबरदस्त धमाका हुआ। इससे करीब 5 किमी तक का इलाका दहल उठा। वहीं बम फटने से चार घर ढह गए। जानकारी के अनुसार दोपहर 3 बजे तक 14 शव निकाले गए हैं। मलबे में अभी भी 4 लोग दबे हुए हैं, जिन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा विस्फोट में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उधर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के भागलपुर में धमाके से हुई जनहानि की खबर पीड़ा देने वाली है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। घटना से जु़ड़े हालातों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी बात हुई। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में लगा हुआ है और पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जा रही है।
विकास पाठक
संपादक