घने कोहरे के चलते रविवार को कई ट्रेनें रद्द रहीं। कई ट्रेनें देरी से रेलवे स्टेशन पहुंचीं। जिसकी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य आफताब खान ने बताया कि लक्सर से होकर गुजरने वाली योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस, योगनगरी ऋषिकेश सुपरफास्ट एक्सप्रेस और जनसेवा एक्सप्रेस दोनों तरफ से रद्द रहीं।
जबकि दून एक्सप्रेस 16 घंटे, कलिंग उत्कल एक्सप्रेस और कुंभ एक्सप्रेस चार-चार घंटे, हरिद्वार एक्सप्रेस तीन घंटे, ऋषिकेश एक्सप्रेस ढाई घंटे, देहरादून एक्सप्रेस अप और डाउन देहरादून एक्सप्रेस डेढ़-डेढ़ घंटे और हरिद्वार दिल्ली एक्सप्रेस व अमरनाथ एक्सप्रेस एक-एक घंटे देरी से चली। दून जनशताब्दी एक्सप्रेस, योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, चंडीगढ़ एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस, उत्तरांचल एक्सप्रेस, योगा एक्सप्रेस और शताब्दी एक्सप्रेस 20 से 40 मिनट लेट रहीं। सहारनपुर स्पेशल एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, हरिद्वार दिल्ली एक्सप्रेस, ऋषिकेश इंटरसिटी एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस, देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस और हरिद्वार दिल्ली एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर स्टेशन पर पहुंचीं।